वनग्राम गुड़ियापदर में लगा स्वास्थ्य शिविर…खुद सी एच एम ओ पहुंच ग्रामीणों का कराया स्वास्थ्य जांच एवं उपचार….

जगदलपुर । जगदलपुर विकासखण्ड के अंतर्गत सीएचसी नानगूर के अधीन चितालगुर ग्राम पंचायत के आश्रित दूरस्थ वनग्राम गुड़ियापदर में एक गर्भवती माता के गर्भपात होने की खबर पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक ने सोमवार को सीएचसी नानगूर के बीएमओ डॉ.आरएस भंवर के साथ स्वयं मेडिकल टीम लेकर गुड़ियापदर पहुंचे और संबंधित ग्राम गुड़ियापदर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 56 ग्रामीणों का स्वास्थ्य जांच कर एवं उपचार किया गया। जिसमें 25 लोगों का बीपी एवं शुगर जांच, 07 लोगों का टीकाकरण, 05 लोग मोतियोंबिंद से पीड़ित, 20 लोगों का सिकलिन जाँच, 12 लोग सर्दी खांसी से पीड़ित तथा 10 लोगों का  बुखार जांच कर उपचार किया गया। वहीं एक कुपोषित बालक को एनआरसी रेफर किया गया।
           मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय बसाक ने बताया कि नानगुर क्षेत्र के दूरस्थ  घने जंगल के बीचों-बीच पहुंचविहीन वनग्राम गुड़ियापदर में रास्ता ठीक नहीं है यहां पैदल, सायकिल या बाइक के द्वारा ही पहुंचा जा सकता है। जिससे मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा नहीं पहुंच पाती है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में सभी ग्रामीणों का स्वास्थ्य जांच कर दवाई वितरित की गई और समय समय पर उक्त ग्राम में शिविर आयोजन हेतु निर्देश दिए गए। इस दौरान बीएमओ डॉ. भंवर द्वारा स्थानीय बोली में स्वास्थ्य विभाग की योजनाएं जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान कार्ड तथा वय वंदन कार्ड  के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य के प्रति सजगता बरतने का आग्रह करते हुए घर के समीप स्वच्छता एवं साफ-सफाई रखने, शुद्ध पेयजल का उपयोग, गर्म एवं ताजा भोजन का सेवन, बुखार या उल्टी-दस्त होने पर तत्काल समीपस्थ स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार करवाने की समझाइश दी गई। इस शिविर में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सी आर मैत्री सहित स्वास्थ्य पर्यवेक्षक  दमधर, श्रीमती किरण चंद्राकर, नेत्र सहायक अधिकारी रयमन बघेल, स्टाफ नर्स श्रीमती थलेश्वरी नाग, क्रिस्टीना बघेल, आरएचओ अमृत पॉल, कुमारी हिना कश्यप तथा क्षेत्र के मितानिन उपस्थित थे।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *