जगदलपुर । बस्तर में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। सर्किट हाउस विवाद के बाद अब मामला भानपुरी भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ तक पहुंच गया है। इस पर पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने भाजपा और वन मंत्री केदार कश्यप पर सीधा हमला बोला है। चंदन कश्यप ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए केदार कश्यप ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटनाएं की हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि दंतेवाड़ा गीदम में मंत्री के दिवंगत पिता बलिराम कश्यप पर भी अधिकारी से मारपीट करने का आरोप लग चुका है।
भानपुरी भाजपा कार्यालय में हुई तोड़फोड़ को लेकर भी चंदन कश्यप ने भाजपा पर पलटवार किया। उनका कहना है कि कांग्रेस ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया था, लेकिन मंत्री केदार कश्यप के समर्थकों ने जानबूझकर तोड़फोड़ की घटना को कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर थोप दिया।
चंदन कश्यप ने भाजपा को चुनौती दी है कि यदि वास्तव में कांग्रेस ने तोड़फोड़ की है, तो उसका वीडियो सबूत के साथ सार्वजनिक किया जाए।
*सर्किट हाऊस विवाद – सियासी टकराव तेज़: पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने केदार कश्यप और भाजपा पर साधा निशाना*
